सतना: देवेंद्रनगर से चुरहट के बीच शुरू हुई मेमू ट्रेन को धीरे-धीरे यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिलने लगा है। शुरुआत के छह दिन बाद अब इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। सतना जंक्शन से रीवा और चुरहट रूट के लिए प्रतिदिन 70 से 75 यात्री टिकट ले रहे हैं। यात्रियों की संख्या में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में ट्रेन के कोच बढ़ाने की आवश्यकता पड़ सकती है।
जिले के रेल यात्रियों को देवेंद्रनगर से चुरहट के बीच शुरू हुई मेमू ट्रेन के रूप में एक नई यातायात सुविधा मिली है। इस रूट पर शुरू हुई यह पहली मेमू ट्रेन है, जिससे नागौद, सतना, रीवा, गोविंदगढ़, बघवार और रामपुर नैकिन सहित बीच के स्टेशनों से प्रतिदिन आवागमन करने वाले यात्रियों को लाभ मिल रहा है। ट्रेन की शुरुआत के दिन यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला था। शुरुआती दिन ट्रेन में 12 कोच लगाए गए थे, जिनमें करीब 1200 यात्रियों के बैठने की क्षमता बताई गई थी। वर्तमान में ट्रेन का संचालन 8 कोच के साथ किया जा रहा है। जंक्शन से मिली जानकारी के अनुसार, सतना से रीवा और चुरहट की ओर जाने के लिए प्रतिदिन लगभग 70 से 75 टिकट जारी हो रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होने पर रेलवे को भविष्य में कोच की संख्या बढ़ाने पर विचार करना पड़ सकता है।
ट्रेन नंबर 61629 देवेंद्रनगर-चुरहट मेमू सुबह 7 बजे देवेंद्रनगर से रवाना होती है। यह सुबह 7:27 बजे फूलवारी, 7:58 बजे नागौद, 8:20 बजे बरेठिया और 8:47 बजे करही होते हुए सुबह 9 बजे सतना जंक्शन पहुंचती है। यहां से 9:15 बजे कैमा, 9:42 बजे सकरिया, 9:58 बजे हिनौता रामबन, 10:18 बजे बगहाई रोड और 10:50 बजे तुर्की रोड होते हुए सुबह 11:15 बजे रीवा पहुंचती है। इसके बाद 11:48 बजे सिलपरा, 12:08 बजे गोविंदगढ़, 12:33 बजे बघवार और दोपहर 1:15 बजे रामपुर नैकिन होते हुए चुरहट पहुंचती है।
वापसी में ट्रेन नंबर 61630 चुरहट-देवेंद्रनगर मेमू दोपहर 3 बजे चुरहट से रवाना होती है। यह 3:47 बजे रामपुर नैकिन, 4:15 बजे बघवार, 4:36 बजे गोविंदगढ़ और 4:58 बजे सिलपरा पहुंचती है। इसके बाद शाम 5:20 बजे रीवा, 5:47 बजे तुर्की रोड, 5:57 बजे बगहाई रोड, 6:04 बजे हिनौता रामबन, 6:23 बजे सकरिया और 7 बजे कैमा होते हुए शाम 7:37 बजे सतना जंक्शन पहुंचती है। यहां से करही, बरेठिया, नागौद और फूलवारी होते हुए देवेंद्रनगर पहुंचती है। इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में छह दिन किया जाता है। रविवार को ट्रेन का संचालन नहीं होता है। फिलहाल इसमें 8 मेमू कोच लगाए गए हैं।
सतना रेलवे एरिया मैनेजर नरेंद्र सिंह ने बताया कि देवेंद्रनगर से चुरहट के बीच संचालित मेमू ट्रेन को लेकर यात्रियों का उत्साह धीरे-धीरे बढ़ रहा है। सतना जंक्शन से रीवा और चुरहट रूट पर सफर करने के लिए प्रतिदिन करीब 70 से 75 टिकट जारी किए जा रहे हैं। इससे इस रेल सेवा के प्रति यात्रियों की बढ़ती रुचि का पता चलता है।
