सिंगरौली : सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर सरस्वती विद्यालय विंध्यनगर के विद्यार्थियों को थाना विंध्यनगर तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न के विद्यार्थियों को थाना बैढ़न का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न रैंक, पदानुक्रम, दायित्वों, अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के संबंध में जानकारी दी। विद्यार्थियों को थाना प्रभारी कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, प्रआर लेखक कक्ष, हेल्प डेस्क, ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क, मालखाना एवं बंदीगृह का अवलोकन कराते हुए शिकायत पंजीयन, पुलिस अभिलेखों के संधारण, जप्त सामग्री के सुरक्षित रखरखाव तथा आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं को समझाया गया। साथ ही बीट चार्ट एवं बीट पुलिसिंग की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल अपराधों, छेड़छाड़, उत्पीड़न तथा असुरक्षित परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के उपायों से जागरूक किया गया। आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 की उपयोगिता समझाई गई। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी बैढ़न अभिमन्यु द्विवेदी एवं थाना प्रभारी विंध्यनगर आराधना सिंह परिहार सहित दोनों थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं आत्मीय संवाद के माध्यम से समाधान करते हुए उन्हें जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
ओटीपी, पासवर्ड साझा न करें
इस दौरान पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए ओटीपी, पासवर्ड एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट एवं यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया गया। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। सृजन संवाद का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करते हुए पुलिस और भावी पीढ़ी के बीच विश्वास,सहयोग एवं सकारात्मक संवाद का सशक्त संबंध स्थापित करना है।
