सिंगरौली: जिले में निजी कंपनियों की परियोजनाओं से प्रभावित विस्थापित परिवारों को संपूर्ण पुनर्वास लाभ, मुआवजा और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने आज मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। बसपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शिवशंकर प्रसाद, सुरेश शाहवाल और वंशरूप शाह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रभावित गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में देवसर विधानसभा क्षेत्र के अमिलिया, बुधेर, बंधा, उजैनी और बरगवां तथा चितरंगी विधानसभा के कतरिहार गांव में खनन परियोजनाओं से प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेरोजगारी भत्ता देने की मांग की गई। आरोप लगाया गया कि कोल माइंस और कुंदन गोल्ड माइंस परियोजनाओं से प्रभावित ग्रामीणों को अब तक अपेक्षित लाभ नहीं मिला है। वहीं अमझर, भरूहा, नंदगांव, नवानगर, अमलोरी और जैतपुर के प्रभावित परिवारों को पुनर्वास योजना का लाभ दिलाने तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही।
