ट्रक ने कार ठेला व ऑटो को मारी टक्कर

सतना:शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नजीराबाद बाईपास पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े चाट-फुल्की के ऑटो और एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना के चलते चारों ओर अफरा तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में ऑटो चालक लखन गुप्ता अंदर ही फंस गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला। वहीं, कार में सवार महिला और छोटी बच्ची बाल-बाल बच गईं। हादसा खाना खजाना ढाबे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े चाट-फुल्की के ऑटो को पीछे से टक्कर मारी और फिर पास में खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लखन गुप्ता उसके अंदर फंस गया। घटना के समय कार क्रमांक MP 19 CB 4887 में चालक के साथ एक महिला और छोटी बच्ची सवार थीं। बताया गया कि वे सब्जी खरीदने के लिए सड़क किनारे रुके थे। गनीमत रही कि महिला और बच्ची इस हादसे में बाल-बाल बच गईं, हालांकि कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक राहुल साहू को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे में रोजी-रोटी के लिए चाट-फुल्की बेचने वाले लखन गुप्ता का ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अब हादसे के कारणों और हुए नुकसान को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर है।

कड़ी मशक्कत से निकला चालक

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर ऑटो चालक को बाहर निकाला। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। हादसे में चालक को लगी चोटों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई।

Next Post

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सात नए न्यायाधीशों की नियुक्ति को कॉलेजियम की मंजूरी

Tue Oct 27 , 2026
जबलपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 26 अक्टूबर को हुई बैठक में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सात अधिवक्ताओं को न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इनमें डॉ. विवेक शरण, राजेश कुमार शुक्ला, कनक गहरवार उर्फ कनक लता सिंह, भक्ति व्यास, श्रेयस पंडित, मृणाल एल्कर उर्फ मृणाल मजूमदार और […]

You May Like