सडक़ों में लगता है ठेलों का मेला, नासूर बनी समस्या

सीधी : सडक़ों पर अवैध रूप से लगने वाले ठेलों के कारण पैदा हो रही जाम की समस्या अब शहर के लिए एक गंभीर नासूर बन चुकी है। पूजा पार्क से लेकर पटेल पुल तक के मुख्य मार्ग पर शाम ढलते ही आधे से अधिक सडक़ पर ठेलों का कब्जा हो जाता है जिससे पूरा यातायात ठप हो जाता है। स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने अब इस समस्या के स्थाई निदान और दोषी वेंडर्स पर सख्त दंडात्मक कार्यवाही की मांग तेज कर दी है।
यहां बताते चलें कि शहर के मुख्य मार्ग पूजा पार्क से लेकर गायत्री कॉम्प्लेक्स, मुखर्जी कॉम्प्लेक्स, गांधी चौक, पुराना बस स्टैण्ड, लालता चौक और पटेल पुल तक का यह पूरा इलाका शहर का सबसे व्यस्त व्यावसायिक केन्द्र है जहां शाम ढलते ही सडक़ों पर अवैध रूप से लगने वाले ठेलों के कारण पूरा यातायात ठप हो जाता है। आधे से अधिक सडक़ घिर जाने के कारण पैदल चलना भी दूभर हो जाता है और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन गाडिय़ां भी जाम में फंस जाती हैं। सडक़ों पर अनियंत्रित रूप से लगने वाले ठेले और खोमचे यातायात व्यवस्था के लिए एक नासूर बन चुके हैं जिसके कारण आम जनता को भारी जाम और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है।

समस्या क्यों बनी नासूर?

नासूर बनी इस समस्या का मुख्य कारण फुटपाथों पर अवैध कब्जा है।सडक़ों के किनारे पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथों पर पूरी तरह ठेले.खोमचे वालों का कब्जा हो जाता हैए जिससे पैदल यात्रियों को मुख्य सडक़ पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

संयुक्त प्रशासनिक कार्यवाही की दरकार

इस समस्या के स्थाई निदान के लिए नगरपालिका, पुलिस एवं राजस्व के संयुक्त रुप से नियमित सख्त कार्यवाही की दरकार है। नियमित कार्यवाही न किए जाने के कारण ठेला चालक दोबारा उन्हीं जगहों पर काबिज हो जाते हैं।

व्यवस्थित वेंडिंग जोन का निर्माण: मोहित

मुखर्जी काम्प्लेक्स सीधी के व्यवसाई मोहित आनंद का कहना है कि प्रशासन को शहर के खाली पड़े मैदानों या कम व्यस्त इलाकों में डेडीकेटेड वेंडिंग जोन बनाने चाहिए ताकि रेहड़ी वालों की आजीविका भी बची रहे और सडक़ें भी खाली रहें।

सख्त जुर्माना और जब्ती: अंकित

गायत्री काम्प्लेक्स सीधी व्यवसाई अंकित मिश्रा का कहना है कि अवैध रूप से मुख्य सडक़ों पर ठेला लगाने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और बार-बार नियम तोडऩे पर ठेले को जब्त करने की कार्रवाई हो।

नियमित मॉनिटरिंग व गश्त: गौरव

गंगोत्री रेस्टोरेंट के संचालक गौरव केशरी का कहना कि ट्रैफिक पुलिस और नगर पालिका के अतिक्रमण विरोधी दस्ते को व्यस्त समय शाम में लगातार गश्त करनी चाहिए।

Next Post

बबली-लवलेश गैंग का फरार ईनामी गिरफ्तार

Tue Oct 27 , 2026
सतना : बकरी चोर गिरोह की सक्रियता पर तराई क्षेत्र में सर्चिंग के लिए निकली पुलिस टीम के हत्थे बबली लवलेश गैंग का फरार ईनामी बदमाश चढ़ गया. पकड़ा गया आरोपी पिछले 12 वर्षों से फरारी काट रहा था.धारकुण्डी थाना प्रभारी विजय सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के […]

You May Like