नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार में एक इमारत में निर्माण कार्य के दौरान दो कंक्रीट स्लैब गिरने से 60 वर्षीय व्यक्ति और उनके 33 वर्षीय बेटे की मौत हो गयी।
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान हर्ष विहार की गली नंबर 14 निवासी चंदरपाल (60) और उनके बेटे विजय कुमार (33) के रूप में हुई है। रविवार शाम सेवा धाम रोड स्थित मिलन गार्डन में हुए हादसे के बाद दोनों मलबे में दब गये थे। रातभर चले बचाव अभियान के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया और गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को शाम 6.46 बजे हर्ष विहार थाने को ए-4, मिलन गार्डन में इमारत गिरने की सूचना मिली। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक पुरानी इमारत की भूतल की संरचना और उसके ऊपर बनी पहली मंजिल का हिस्सा ढहा हुआ मिला। पुरानी इमारत का इस्तेमाल कथित तौर पर गोदाम के रूप में किया जा रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत में एक और मंजिल बनाने के लिए निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुरानी छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे ऊपर की स्लैब भी गिर गयी। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। बचाव अभियान के लिए दमकल की दो गाड़ियां, दो एंबुलेंस और एक क्रेन तैनात की गयी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों के साथ दिल्ली पुलिस और नागरिक सुरक्षा कर्मियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। टीमों ने रातभर मलबा हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों की तलाश की। मलबे से निकाले जाने के बाद दोनों को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्य कपिल मिश्रा और आशीष सूद ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति तथा बचाव कार्यों का जायजा लिया।
पुलिस ने बताया कि संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की जा रही है। हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
