
शुजालपुर, नर्मदा नल-जल योजना के पाइप चोरी के मामले में अवंतिपुर बड़ोदिया पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 73 लाख 85 हजार रुपए का सामान जब्त किया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पाइप ले जाने में इस्तेमाल लोडिंग वाहन और के्रन के साथ एक अन्य लोडिंग वाहन, कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोलायकलां क्षेत्र में महिंद्रा लोडिंग वाहन और क्रेन की मदद से नर्मदा नल-जल योजना के पाइप चोरी कर ले जाए जा रहे हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन क्रमांक जीजे 17 एक्सएक्स 7701 और क्रेन क्रमांक एमपी 37 जेडसी 2301 के साथ दो आरोपियों को पकड़ा. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में नरबत सिंह परमार निवासी भोजपुरा और इरान साई निवासी पश्चिम चंपारण बिहार के अलावा इशराद उर्फ सोनू निवासी धार तथा मोहम्मद अलीम और मोहम्मद अर्शो निवासी जबलपुर शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोडिंग वाहन क्रमांक आरजे 09 जीएफ 3800, मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 जेडजेड 2691 और वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फ ोन जब्त किए हैं. जब्त सामग्री का कुल मूल्य 73 लाख 85 हजार रुपए बताया गया है.
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर के निर्देश पर एसडीओपी डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामेश्वर पटेल और चौकी प्रभारी आरसी यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. इसमें थाना पुलिस और साइबर टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका रही.
