इंदौर: पूर्व लिव-इन पार्टनर पर साथ रहने का दबाव बनाने और उसकी बेटी की हत्या की धमकी देने के मामले में चंदन नगर पुलिस ने फरार बदमाश एहसान उर्फ भय्यू सुरीला के खिलाफ केस दर्ज किया है. भोपाल की मूल निवासी महिला हारून नगर में बेटी के साथ रहती है. वह पहले भय्यू के साथ लिव-इन में थी, लेकिन उसके जेल जाने के बाद अलग हो गई थी. महिला का आरोप है कि जेल में भी आरोपी उसे प्रताड़ित करता था और जमानत पर छूटने के बाद दोबारा साथ रहने का दबाव बनाने लगा.
करीब एक माह पहले उसने महिला के मुंहबोले भाई समीर के साथ मारपीट की थी, जिसका केस पहले से दर्ज है. हाल ही में ताज नगर मेन रोड पर खजराना जाते समय आरोपी ने महिला और उसके परिजनों को रोककर साथ चलने का दबाव बनाया और बेटी की हत्या की धमकी दी. आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी धमकी भरे ऑडियो वीडियो भेज रहा है. उसके खिलाफ हत्या और लूट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं, पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
