
इंदौर. शहर में यातायात बाधित होने और अवैध पार्किंग की शिकायतों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन हटवाए. गलत दिशा में वाहन चलाने पर ऑनलाइन चालान भी बनाया. 24 अक्टूबर को यातायात हेल्पलाइन और ट्रैफिक साथी एप पर मिलीं 15 शिकायतों का निराकरण किया. कोई भी शिकायत लंबित नहीं रही.
राजवाड़ा-निहालपुरा मस्जिद के सामने अवैध पार्किंग की शिकायत पर वाहन हटवाए. संजय सेतु सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित होने की सूचना पर टीमों ने मौके पर पहुंचकर आवागमन सुचारु कराया. पाटनीपुरा-मालवा मिल चौराहे पर सिग्नल की टाइमिंग कम होने की शिकायत पर मालवा मिल सिग्नल का समय बढ़ाया. लोहा मंडी, जवाहर मार्ग, इतवारिया बाजार और जूनी इंदौर क्षेत्र में यातायात बाधित होने की शिकायतों पर कार्रवाई की गई. गंगवाल बस स्टैंड और जेल रोड स्थित डॉलर मार्केट में अवैध पार्किंग के कारण रास्ते में खड़े वाहन हटवाए. गौराकुंड चौराहे से खजूरी बाजार के बीच सड़क पर खड़ी कार के कारण आवागमन बाधित होने पर ऑनलाइन चालान बनाकर वाहन हटवाया. बंगाली चौराहे पर रास्ता रोककर खड़ी कार को वाहन मालिक से संपर्क कर हटवाया. यातायात एडीसीपी संतोष सिंह कोल ने बताया कि यातायात हेल्पलाइन और ट्रैफिक साथी एप पर मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है. वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें.
