भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला इलाके में शनिवार दोपहर थिंक गैस की भूमिगत पीएनजी लाइन में लीकेज के बाद आग लग गई। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे छोला ब्रिज के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा था और जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस लाइन क्षतिग्रस्त होने से लीकेज हुआ। इसके बाद आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। ब्रिज पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने लोगों को घटनास्थल से दूर किया। छोला फायर टीम के फायर फाइटर पंकज यादव सहित दमकलकर्मियों ने पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
वहीं, थिंक गैस कंपनी से संपर्क कर गैस लाइन बंद कराई गई। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका और लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भोपाल में शाहपुरा थाने के सामने भी गैस लाइन में लीकेज की घटना सामने आई थी।
