त्रिपुरा के धर्मनगर उपचुनाव में 46,143 मतदाता नौ अप्रैल को करेंगे छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

अगरतला, 04 अप्रैल (वार्ता) त्रिपुरा के धर्मनगर उपचुनाव में कुल 46,143 मतदाता नौ अप्रैल को छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 46,143 मतदाता हैं, जिनमें 23,763 महिलाएं शामिल हैं। बूथ प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए आयोग ने 42 अलग-अलग जगहों पर 55 मतदान केंद्र स्थापित किये हैं।

जिलाधिकारी चांदनी चंद्रन ने बताया कि मतदान की प्रक्रिया की निगरानी को बेहतर बनाने के लिए कम से कम आठ पुलिस क्षेत्राधिकारियों और उतने ही नागरिक क्षेत्राधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इनमें से प्रत्येक अधिकारी के पास सात-आठ मतदान केंद्रों के लिए जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा, 12 नागरिक क्षेत्राधिकारी और 11 पुलिस क्षेत्राधिकारी (रिजर्व सहित) भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

आयोग के अनुसार मतदाताओं में 85 वर्ष से अधिक आयु के 181 व्यक्ति और दिव्यांगजन शामिल हैं, जबकि इस उपचुनाव के लिए 930 नये मतदाताओं ने पंजीकरण कराया है। मतदान की प्रक्रिया नौ अप्रैल को सुबह सात बजे शुरू होगी और शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। मतगणना चार मई को होगी।

समावेशी चुनावी भागीदारी को बढ़ावा देने के एक सराहनीय प्रयास के तहत आयोग ने निर्णय लिया है कि 20 प्रतिशत मतदान केंद्रों (11 केंद्रों) का प्रबंधन महिलाएं करेंगी। इसके अतिरिक्त, चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

 

 

 

Next Post

अमेरिका एसी-130 गनशिप के जरिये ईरान में कर रहा है अपने पायलट की तलाश

Sat Apr 4 , 2026
वाशिंगटन 04 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका ईरान में गिराए गये अपने लड़ाकू विमान के पायलट की तलाश के लिए अभियान तेज कर दी है और इसके लिए वह एसी-130 गनशिप का इस्तेमाल कर रहा है। बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस […]

You May Like