नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को दक्षिण गोवा के मडगांव में कांग्रेस की ‘गोय राखोन यात्रा’ में शामिल होने के बाद विदेश यात्रा पर गये हैं।सूत्रों के मुताबिक, श्री गांधी वियतनाम गए हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से उनकी विदेश यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक बयान या कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। इसे उनकी निजी यात्रा बताया जा रहा है। गोवा में श्री गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो किलोमीटर तक पैदल मार्च भी किया।
इस बीच, श्री गांधी की विदेश यात्रा को लेकर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तंज कसते हुए लिखा, ” राहुल गांधी वही कर रहे हैं, जिसमें वे सबसे माहिर हैं, ब्रेक लेना और छुट्टियां मनाना।” उन्होंने श्री गांधी के विदेश दौरे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे काम करने से ज्यादा समय आराम करने में बिताते हैं। गौरतलब है कि श्री गांधी ने हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किये। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली करने की तैयारी कर रहा है।

