सागर: सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुराचार के बाद कुएँ में धक्का देकर युवती की हत्या करने वाला आरोपी को मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोतीनगर क्षेत्रांतर्गत निवासी फरियादी ने अपनी पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी के अनुसार उसकी पुत्री घर में नहीं मिली। परिजनों एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 1025/2026, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। लापता युवती का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित एक कुएँ में निर्वस्त्र अवस्था में मिला। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोतीनगर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच प्रारंभ की। पूछताछ में सामने आया कि निर्माण कार्य में लगा एक युवक घटना के दिन से ही छुट्टी पर चला गया था। इस महत्वपूर्ण तथ्य के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी अजय कुमार पिता रामप्रसाद, निवासी ग्राम ढमक, थाना अमिलिया, जिला सीधी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की मृतिका से घटना से लगभग 15–20 दिन पहले पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी थी। मृतिका द्वारा आरोपी से उसके विवाहित होने के संबंध में पूछे जाने पर आरोपी ने अपनी शादी की बात छिपाई थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना की रात जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, तब आरोपी ने युवती को घर के बाहर बुलाया और उसके साथ दुराचार किया। इसी दौरान युवती के परिजन उसकी तलाश करने लगे। युवती ने आरोपी से विवाह करने की बात कही तथा उसके विवाहित होने की जानकारी सामने आने पर अपने और आरोपी के परिजनों को इसकी जानकारी देने की बात कही।पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर आरोपी ने युवती को जान से मारने के इरादे से कुएँ में धक्का दे दिया तथा उसके कपड़े भी कुएँ में फेंक दिए। इसके बाद आरोपी अपने शिविर में जाकर सो गया और बाद में अपने गृह जिले सीधी भाग गया।मोतीनगर पुलिस द्वारा आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में विवेचना एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही जारी है।
