भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) की 6,000 मेगावाट क्षमता वाली ±800 केवी एचवीडीसी खावड़ा-नागपुर बाइपोल परियोजना के लिए निर्मित 295.1 एमवीए, 400 केवी कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मर की चौथी इकाई का सफल परीक्षण कर उसे रवाना किया।
बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक (गुणवत्ता) जी. पी. बघेल ने सफल परीक्षण के बाद ट्रांसफॉर्मर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
बघेल ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए उसके परिश्रम, समर्पण और तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष इकाइयों का निर्माण भी निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं।
बीएचईएल भोपाल इस परियोजना के लिए कुल 26 कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मर का निर्माण कर रहा है। चौथी इकाई की रवानगी से संविदात्मक आपूर्ति लक्ष्यों की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। यह उपलब्धि बीएचईएल भोपाल की तकनीकी क्षमता, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और समयबद्ध कार्य निष्पादन को रेखांकित करती है।
