टोक्यो, 09 फरवरी (वार्ता) जापान में रविवार को हुए आम चुनाव में सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) और जापान इनोवेशन पार्टी (जेआईपी) के गठबंधन ने निचले सदन में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर लिया है। सरकारी प्रसारक एनएचके ने सोमवार तड़के यह जानकारी दी। एनएचके के अनुसार, सत्तारूढ़ गठबंधन ने कुल 352 सीटें जीतीं, जो निचले सदन में पारित लेकिन उच्च सदन (हाउस ऑफ काउंसिलर्स) द्वारा खारिज किसी विधेयक को पुनः पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत से अधिक है।
एलडीपी के पास चुनाव से पहले 198 सीटें थीं। पार्टी ने अपने दम पर ही 465 सदस्यीय निचले सदन में दो-तिहाई बहुमत प्राप्त कर लिया और कुल 316 सीटें जीतीं।
वहीं, जूनियर सहयोगी जेआईपी के लिए परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहे। पार्टी ने निचले सदन में अपनी पूर्व 34 सीटों के मुकाबले केवल दो सीटों की बढ़ोतरी की है। एनएचके के मुताबिक, एलडीपी के अकेले बहुमत में होने से गठबंधन में जेआईपी का प्रभाव कम होने की संभावना है। जनवरी में कांस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान और कोमेटो पार्टी के संगम से बने मुख्य विपक्षी दल सेंट्रिस्ट रिफॉर्म अलायंस को भारी नुकसान हुआ है। गठबंधन की सीटें 172 से घटकर 49 रह गयी हैं। विपक्षी गठबंधन के सह-नेता योशिहिको नोदा और तेत्सुओ सैतो ने एनएचके को दिये संयुक्त साक्षात्कार में संकेत दिया कि वे इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ सकते हैं।
पॉपुलिस्ट दल सानसेइतो ने 15 सीटें जीतीं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी फॉर द पीपल ने 28 सीटें हासिल कीं। इस चुनाव में कुल 1,284 उम्मीदवारों ने 465 सीटों के लिए मुकाबला किया, जिनमें से 289 सीटें एकल-सीट निर्वाचन क्षेत्रों से और 176 सीटें 11 क्षेत्रीय ब्लॉकों में आनुपातिक प्रतिनिधित्व के जरिए चुनी गयीं। रविवार का मतदान 1990 के बाद पहली बार फरवरी माह में हुआ निचले सदन का चुनाव था। प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के इस फैसले की आलोचना हुई है, क्योंकि देश के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी के कारण चुनाव प्रचार प्रभावित हुआ।

