सरई, सिंगरौली: सरई तहसील क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की शिकायतों पर प्रशासन ने देर रात छापेमार कार्रवाई करते हुए रेत से लदे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। यह कार्रवाई डिप्टी कलेक्टर धर्म प्रकाश मिश्रा ने अपनी टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर की। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुनइया नाला, कोनी क्षेत्र से जयप्रकाश जायसवाल और रामकुमार जायसवाल के ट्रैक्टर जब्त किए गए। वहीं, फांटपानी, धिरौली से योगेश प्रजापति का ट्रैक्टर तथा ओबरी क्षेत्र से दो अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। इस तरह कुल पांच वाहनों पर कार्रवाई की गई।
वैधानिक प्रक्रिया के लिए सौंपे वाहन
कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया। प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध सख्ती जारी रखने के संकेत दिए हैं। अब कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने की प्रशासन की मुहिम कितनी प्रभावी होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
