ग्वालियर: मुरार थाना क्षेत्र के 7 नंबर चौराहे के पास रुपये दोगुने करने का झांसा देकर एक बुजुर्ग से सोने की अंगूठी ठगने वाले आगरा के तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जनभागीदारी कैमरों की मदद से इस पूरी वारदात का खुलासा किया है।फरियादी रामप्रकाश दुबे (निवासी आदर्श कॉलोनी, गोले का मंदिर, ग्वालियर) ने थाना मुरार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम को वे मुरार बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। जब वे 7 नंबर चौराहे के पास फर्नीचर की दुकान के पास पहुँचे, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर पता पूछा। इसके बाद वे आपस में पर्चियों और रुपयों का लेन-देन कर रुपये दोगुने करने की बात करने लगे।
आरोपियों ने बुजुर्ग को भी रुपये दोगुने करने का लालच दिया और सोने की अंगूठी के बदले दोगुनी कीमत देने का झांसा दिया। झांसे में आकर रामप्रकाश दुबे ने अपनी सोने की अंगूठी उन्हें दे दी। कुछ देर बाद जब उन्होंने अंगूठी वापस माँगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और मौका पाकर अपनी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर थाना मुरार में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे जनभागीदारी और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्धों के हुलिया की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कोतवाली संतर वाली गली से सदर बाजार की तरफ आ रहे तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया। ये तीनों लोग आगरा के रहने वाले हैं।
