जालंधर, 04 मार्च (वार्ता) पंजाब में जालंधर के थाना मेहतपुर के मुख्य अधिकारी सब-इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने गांव के सरपंच पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस उपाधीक्षक सुखपाल सिंह ने बुधवार को बताया कि 28 फरवरी 2026 को गांव बूटे दियां छन्ना के सरपंच महिंदर सिंह पर पांच अज्ञात व्यक्तियों ने किरपानों और लोहे की रॉड से हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाना मेहतपुर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गयी थी। जांच के दौरान हमले में शामिल पांचों आरोपियों की पहचान कर ली गयी थी।
श्री सुखपाल सिंह ने बताया कि आज पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि मामले का एक आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ शीलू (पुत्र सुखविंदर राम, निवासी गांव खोखेवाल, जिला जालंधर) मेहतपुर क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए थाना मेहतपुर की पुलिस टीम द्वारा मेहतपुर-नकोदर रोड पर विशेष नाकाबंदी की गयी।
उन्होंने कहा कि नाकाबंदी के दौरान, नकोदर की ओर से आ रहे एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, जिसकी नंबर प्लेट टूटी हुई थी, को रुकने का इशारा किया गया। रुकने के बजाय, आरोपी ने भागने की नीयत से पुलिस पार्टी पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में और आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसे तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी से एक पिस्तौल, एक कारतूस, एक खाली खोल और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद हुआ है।
शेष चार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
