छिंदवाड़ा। नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये वसूलने और रकम वापस मांगने पर धमकाने का मामला सामने आया है। पीडि़तों ने देहात थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, इस मामले में कुल 17 युवाओं के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है। आवेदन में बताया गया है कि परासिया रोड स्थित आदर्श नगर में आरानी कॉर्पोरेट सोल्यूशन नाम से संस्था संचालित की जा रही थी। आरोप है कि संस्था से जुड़े लोगों ने युवाओं को निजी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग राशि ली। किसी से एक हजार रुपये तो किसी से 98 हजार रुपये तक लिए जाने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, कुल कथित राशि 3 लाख 67 हजार रुपये है।
डेटा एंट्री का काम देने का भी आरोप
पीडि़तों का आरोप है कि नौकरी के नाम पर पैसे लेने के बाद कुछ युवाओं को कथित तौर पर उसी संस्था में डेटा एंट्री का काम दे दिया गया। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उनके साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। शिकायत में आरोपियों के परिचितों द्वारा फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात भी कही गई है।
जांच कर कार्रवाई की मांग
मामले में संस्था के संचालक आशुतोष चौरसिया ने आरोपों को गलत बताया है। वहीं, पीडि़तों ने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कार्रवाई होने से भविष्य में दूसरे युवा भी नौकरी के नाम पर होने वाली कथित ठगी से बच सकेंगे
