देवास: मां चामुंडा टेकरी पर नवरात्रि में भक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मां चामुंडा सेवा समिति के पंडाल में 24 घंटे महाप्रसादी वितरित की जा रही है। टेकरी को स्वच्छ और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से समिति ने शुक्रवार को 11 हजार कपड़े की थैलियां वितरित कीं। नवरात्रि के नौ दिनों में कुल 51 हजार कपड़े की थैलियां बांटने का लक्ष्य रखा गया है।
समिति संयोजक रामेश्वर जलोदिया एवं नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि सेवा पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था की गई है। अब तक चार लाख से अधिक भक्त महाप्रसादी ग्रहण कर चुके हैं। पंडाल में श्रद्धालुओं को हलवा, पूरी, साबूदाना खिचड़ी, फरियाली मिक्चर सहित विभिन्न व्यंजन परोसे जा रहे हैं। इसके साथ ही हजारों लीटर दूध की चाय भी भक्तों को वितरित की जा चुकी है। समाजसेवी सुरेश गांधी, प्रतापसिंह मेहता, पुखराज जैन, कमल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। थैलियों का वितरण गणेश दुबे, राजू बैरागी, राजेंद्र पंडित, कैलाश शर्मा आदि के आतिथ्य में किया गया। नरेंद्र मिश्रा, उम्मेदसिंह राठौड़, इंदरसिंह गौड़, नारायण व्यास, ओम प्रकाश पटेल, राजेश गोस्वामी, कमल चावला, शशिकांत गुप्ता, दिनेश सांवलिया, अभिषेक अवस्थी आदि सेवा कार्य में लगे हैं।
