इंदौर: शहर के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है. एक ओर कार्यालय के अंदर साफ-सफाई दिखाई देती है, वहीं दूसरी ओर परिसर के बाहरी हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. कार्यालय के पार्किंग स्थल के पास कचरा बिखरा पड़ा है, तो प्रवेश द्वार के नजदीक सीढ़ियों के पास पानी की खाली बोतलें और अन्य अपशिष्ट सामग्री जमा नजर आती है. परिसर की यह स्थिति जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है.
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रवेश करते ही मुख्य गेट के पास कचरे से भरी बोरियां रखी दिखाई देती हैं. इससे परिसर की साफ-सफाई की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. हैरानी की बात यह है कि जिस परिसर में शिक्षा विभाग का जिला स्तरीय कार्यालय संचालित होता है, वहां स्वच्छता बनाए रखने की व्यवस्था ही सवालों के घेरे में है. कार्यालय के अंदर सफाई दिखाई देने के बावजूद बाहर के हिस्सों में गंदगी का जमा होना व्यवस्था में लापरवाही की ओर इशारा करता है. इसी परिसर में सुबह सुचित्रा माध्यमिक विद्यालय भी संचालित होता है. ऐसे में यहां रोजाना आने वाले विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ वातावरण बनाए रखना और भी जरूरी हो जाता है. परिसर में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की दीवार के पास बच्चों को वितरित की जाने वाली पुस्तकें भी बिखरी पड़ी दिखाई देती हैं. पुस्तकों का इस तरह खुले में पड़ा रहना उनके रखरखाव और देखरेख को लेकर भी सवाल खड़े करता है.
पार्किंग को लेकर भी सवाल
इसके अलावा, जिस वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा होना चाहिए, वह स्कूल परिसर के अंदर कार्यालय के गेट के पास खड़ा दिखाई देता है. इससे परिसर के उचित उपयोग और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यालय परिसर में इस तरह की अव्यवस्था चिंताजनक है. अब देखना यह है कि जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति पर ध्यान देते हैं या नहीं.
