अभिनेता के नाम पर 1 करोड़ दिलाने का झांसा, 7.52 लाख ठगे

जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत गुप्तेश्वर में एक बुजुर्ग महिला को साउथ फिल्म स्टार विजय थलापति के नाम पर 1 करोड़ की आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर 7,52,000 की ठगी की गई। ठगों ने न सिर्फ महिला से लाखों रुपये ऐंठे, बल्कि बाद में पुलिस का डर दिखाकर घर सील करने की धमकी देकर 6 लाख की और मांग की। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गायत्री भवन, कृपाल चौक गुप्तेश्वर निवासी प्रवेश धीर (69) के फेसबुक प्रोफाइल पर विजय थलापति से संबंधित आर्थिक सहायता, ऋण उपलब्ध कराने का एक लिंक आया था। महिला ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबरों से कॉल्स आने शुरू हो गए। फोन करने वालों ने खुद को विजय थलापति से जुड़ा हुआ बताकर महिला को 1 करोड़ की भारी-भरकम राशि देने का झूठा आश्वासन दिया और कहा कि इसके लिए कुछ अग्रिम प्रक्रिया शुल्क देना होगा। झांसे में आकर बुजुर्ग महिला ने ठगों द्वारा भेजे गए यूपीआई आईडी स्कैनर्स पर कुल 7 लाख 52 हजार की राशि ट्रांसफर कर दी। महिला ने यह रकम शहर के अलग-अलग ऑनलाइन सेंटर्स और परिचितों के माध्यम से भेजी थी।

सोना पकड़े जाने का पैंतरा खेला-
जब इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली, तो महिला ने पैसों की मांग की। इस पर ठगों ने अंतिम बातचीत में नया पैंतरा खेलते हुए महिला को डराया कि, मैं आपके लिए गोल्ड लेकर आ रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस ने मुझे पकड़ लिया है। अब 6 लाख और देने होंगे, नहीं तो पुलिस आपको पकडक़र ले जाएगी और आपका घर सील कर देगी।

नागपुर से बेटा आया तब खुला राज
इस धमकी से घबराकर बुजुर्ग महिला ने आपबीती नागपुर में रहने वाले अपने बेटे वरुण धीर को बताई। बेटा तुरंत नागपुर से जबलपुर पहुंचा और मां को ढांढस बंधाया। इसके बाद परिजनों ने गोरखपुर थाने पहुंचकर अज्ञात जालसाजों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से अज्ञात मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की कुंडली खंगालना शुरू कर दिया है।

Next Post

भारत एक वैश्विक खेल महाशक्ति बनने के लिए पूरी तरह तैयार है: प्रधानमंत्री मोदी

Thu Oct 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एशियाई खेल 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों के दल से बातचीत की। उन्होंने इतने सारे पदक विजेताओं के एक साथ इकट्ठा होने से बने शानदार माहौल का जिक्र किया। श्री मोदी ने कहा, “आप सभी युवा खिलाड़ी इस […]

You May Like

Play sound