सतना : जिले की जनपद पंचायत उंचेहरा की ग्राम पंचायत बड़खुड़ा में लंबे समय से व्याप्त विद्युत समस्याओं का निराकरण न होने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है. जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू ने इस संबंध में एसडीएम उंचेहरा को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों में चिह्नित विद्युत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण 15 अक्टूबर की शाम 4:00 बजे से बड़खुड़ा बस स्टैंड पर सतना-अमरपाटन सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया है कि चक्काजाम से आवागमन पूरी तरह बाधित होने की संभावना है और इससे उत्पन्न किसी भी प्रकार की बाधा व स्थिति के लिए क्षेत्रीय व जिला प्रशासन सीधे तौर पर जिम्मेदार होगा.
एसडीएम को सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि विद्युत विभाग के मैदानी अमले से लेकर उच्च अधिकारियों तक को पिछले कई महीनों से लगातार समस्याओं से अवगत कराया जा रहा है लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई. पिछले दो माह पूर्व अगस्त के प्रथम सप्ताह में सतना-अमरपाटन सड़क किनारे कृषि कार्य हेतु लगा गारंटी युक्त ट्रांसफार्मर जल गया था जिसे बार-बार निवेदन के बाद भी नहीं बदला गया. इसके चलते सिंचाई न हो पाने से किसानों की फसलें पूरी तरह सूख रही हैं. ग्रामीणों ने बीदा मोड़ के पास लगे इस क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने के साथ ही विद्युत विभाग की लापरवाही से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है.
पत्र में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि आदिवासी व चौधरी बस्ती में पूर्व से स्थापित विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर को विभाग ने धोखाधड़ी कर विस्थापित कर दिया है जिसे तत्काल नए सिरे से लगाया जाए. इसके साथ ही तालाब के पास खेरमाता मन्दिर परिसर में टूटे विद्युत पोल को बदलने अशोक पाण्डेय से सियाशरण तिवारी के घर तक तथा रामचरण गुप्ता से मुन्नू सेन के घर तक की जर्जर तारों को बदलने की मांग की गई है. वहीं अच्छेलाल सिंगरौल, रामदत्त कुशवाहा, रामलोटन लोधी व सुन्दरलाल तिवारी के घरों और बस्तियों तक वैध विद्युत कनेक्शनधारियों के लिए नए पोल खड़े करने की मांग शामिल है
