इन्दौर: इंदौर-दाहोद नई रेल परियोजना के तहत टीही से धार के बीच स्थित पीथमपुर, सागोर, गुनावद और धार रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. इन स्टेशनों की दीवारों पर क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विरासत को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग बनाई जा रही हैं.पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, निर्माण विभाग के मुख्य इंजीनियर धीरज कुमार के मार्गदर्शन में यह पहल की जा रही है. चित्रकारी की जिम्मेदारी स्थानीय कलाकारों को सौंपी गई है, जिससे उन्हें प्रोत्साहन मिलने के साथ क्षेत्रीय कला और संस्कृति को पहचान मिलेगी.
स्टेशनों की बाहरी दीवारों, प्रतीक्षालय और प्लेटफॉर्म पर बनाई जा रही इन पेंटिंग के माध्यम से यात्रियों को क्षेत्र की लोक परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहर और जीवनशैली की झलक देखने को मिलेगी. धार की ऐतिहासिक पहचान और पीथमपुर की औद्योगिक विशेषताओं को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा. रेलवे लाइन, विद्युतीकरण, सिग्नलिंग प्रणाली तथा रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज के निर्माण कार्यों के साथ स्टेशनों को आकर्षक बनाने की यह पहल क्षेत्रीय विरासत को नया मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
