बलपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 5 से 11 अक्टूबर के बीच जबलपुर रेल मंडल में कार्रवाई करते हुए यात्रियों का करीब 9.46 लाख रुपये का छूटा सामान बरामद कर उन्हें लौटाया। मिशन अमानत के तहत जबलपुर, सतना और पिपरिया में लैपटॉप बैग, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान सुरक्षित बरामद किए गए। वहीं, चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए सतना और कटनी में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत सतना में 2.85 लाख रुपये के लैपटॉप और आईफोन बरामद कर आरोपी को पकड़ा गया। चोरी का वीवो मोबाइल भी मिला।
कटनी में जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनके पास से 29 हजार रुपये नकद और करीब 54 हजार रुपये की सोने की अंगूठियां बरामद हुईं। एक चोरी का सैमसंग मोबाइल भी मिला। मदनमहल स्टेशन पर पटाखों से भरा झोला मिलने पर दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आरपीएफ ने दमोह में एक नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया और जबलपुर स्टेशन पर मिले छह वर्षीय बच्चे को उसके पिता से मिलाया। सागर स्टेशन पर प्रधान आरक्षक सूरज कुमार सेन ने चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे 65 वर्षीय यात्री को सुरक्षित बचाया। कटनी स्टेशन पर मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को भी सत्यापन के बाद परिजनों को सौंपा गया।
