बाघ की मौजूदगी के बीच तेंदुए की भी आमद

सीहोर: शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बाघ और तेंदुए की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ है. वन विभाग की टीमें दो दर्जन ट्रैप कैमरों और ड्रोन की मदद से बाघ की तलाश में जुटी हैं, लेकिन इसी बीच वन्यजीवों की सक्रियता के नए मामले सामने आ रहे हैं. सोमवार रात कालापहाड़ के नजदीक उजरखेड़ा में तेंदुए ने बाड़े में बंधी दो बकरियों का शिकार कर लिया, जबकि दो बकरों को घायल कर दिया. इसी रात हाईवे पर सोयाचोपाल के पास भी तेंदुआ दिखाई दिया. दूसरी ओर सोशल मीडिया पर एआई से तैयार तस्वीरें वायरल कर बाघ की मौजूदगी की झूठी खबरें फैलाने का मामला भी सामने आया है.
पिछले एक पखवाड़े से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बाघ और तेंदुए की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं. बीते सप्ताह मुरली रोड पर स्थानीय रहवासियों ने बाघ को देखने का दावा किया था. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने हाउसिंग बोर्ड, शीतल विहार और शांति विहार सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन पगमार्क के अलावा कोई ठोस सुराग नहीं मिला. तीन दिन पहले बाघ ने टांकपुरा में एक गाय का शिकार किया था. इसके बाद से वन विभाग की टीमें लगातार उसकी लोकेशन तलाश रही हैं.
सोमवार रात कालापहाड़ के नजदीक उजरखेड़ा में ग्रामीण सलीम के बाड़े में बंधे बकरा-बकरियां चिल्लाने लगे. आवाज सुनकर सलीम की नींद खुली और वे बाहर निकले, लेकिन तब तक तेंदुआ दो बकरियों का शिकार कर चुका था. हमले में दो बकरे घायल भी हुए. घटना के बाद तेंदुआ वहां से निकल गया. सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह डिप्टी रेंजर विजय कसोटिया उजरखेड़ा पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली. घटनास्थल से कुछ दूरी पर तेंदुए के पगमार्क भी मिले.
एआई से तस्वीरें बनाकर फैला रहे सनसनी
वन्यजीवों की मौजूदगी से लोगों में पहले ही चिंता बनी हुई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर भ्रामक तस्वीरें और खबरें फैलाने वाले शरारती तत्वों ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. एआई की मदद से रिहायशी बस्तियों में बाघ की मौजूदगी दर्शाने वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही हैं. चाणक्यपुरी और एवन सिटी कॉलोनी के समीप बाघ दिखाई देने के दावे के साथ तस्वीरें प्रसारित होने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाई. जांच के दौरान इन दावों की पुष्टि नहीं हुई और खबरें अफवाह प्रतीत हुईं. वन्यजीवों की वास्तविक मौजूदगी और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट के बीच अंतर करना अब वन विभाग के लिए चुनौती बन गया है.
सोया चौपाल के पास भी नजर आया तेंदुआ
मंगलवार की ही रात हाईवे स्थित सोयाचोपाल के समीप वाहनों के एक गैरेज के पास भी तेंदुए की मौजूदगी देखी गई. गैरेज के चौकीदार ने अपने मोबाइल से उसकी तस्वीर खींच ली. इसके बाद तेंदुआ वहां से चला गया. सूचना मिलने पर वन विभाग ने क्षेत्र में पड़ताल की. सोयाचोपाल के पास भी तेंदुए के पगमार्क मिलने की जानकारी सामने आई है. शहर के नजदीक हिंसक जानवरों की मौजूदगी ने लोगों को चिंतित कर दिया है, वहीं वन विभाग ने भी सावधानी बरतने की सलाह दी है.
लगातार जारी है सर्चिंग अभियान
वन विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से शहर के समीप बाघ दिखने की सूचना पर सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है. ट्रैप कैमरों की भी मदद ली जा रही है. बीती रात उजरखेड़ा में तेंदुआ ने दो बकरियों का शिकार किया है. हमारे द्वारा मौका मुआयना किया गया जिसमें तेंदुए के पगमार्क मिले हैं. इसी तरह सोयाचौपाल के समीप भी तेंदुए के पगमार्क देखे गए हैं. ग्रामीणों को सावधान रहने को कहा है.
विजय कसौटिया,
डिप्टी रेंजर, सीहोर

Next Post

भीड़भरे बाजार में सरेआम चाकूबाजी, युवक लहूलुहान

Tue Oct 13 , 2026
ग्वालियर: नई सड़क पर मंगलवार रात भीड़भरे बाजार में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात हो गई। हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने एक युवक पर सरेआम चाकू से हमला कर दिया। पूरी घटना के दौरान बाजार में सैकड़ों लोग मौजूद रहे, लेकिन दहशत के कारण कोई बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। आरोपी वारदात […]

You May Like

Play sound