गुना। बजरंगगढ़ में सोमवार शाम खाना बनाते समय घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 12 अक्टूबर को शाम करीब 5:30 बजे बजरंगगढ़ निवासी राजाराम माली के घर पर बच्चे खाना बना रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, गुना से दमकल वाहन भी बुलाया गया। सिलेंडर फटने से कच्चे मकान की दीवारों में दरारें आ गईं और टीनशेड क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। अचानक हुए इस धमाके ने घरेलू गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
