सिंगरौली: जिले में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए सरई और देवसर तहसील में कुल 225 घन मीटर रेत के अवैध भंडारण पर कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में 12 अक्टूबर को दोनों स्थानों पर कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निगरी, तहसील सरई में रेत भंडारण की शिकायत मिलने पर सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने मौके पर जांच की। इस दौरान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 50 घन मीटर रेत जब्त की गई। रेत नियमों के प्रावधानों के अनुसार जब्त रेत को रेत ठेकेदार की सुपुर्दगी में देकर कार्रवाई की गई। इस प्रकरण में खनिज नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी देवसर के निर्देशन में खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा और राजस्व अमले ने ग्राम सहुआर एवं चकुआर, तहसील देवसर में संयुक्त कार्रवाई की। जांच के दौरान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 175 घन मीटर रेत मिली, जिसे प्राप्त निर्देशों के अनुसार नष्ट कर दिया गया।
खनिज विभाग के अनुसार, दोनों प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शासकीय भूमि पर अवैध रेत भंडारण के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई से रेत कारोबार पर निगरानी और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की सक्रियता सामने आई है।
