आलीराजपुर:अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जोबट श्री आशुतोष पटेल द्वारा बताया गया कि पुलिस अधीक्षक जिला आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के परिवहन, विक्रय एवं भंडारण पर अंकुश लगाने हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को थाना उदयगढ़ पुलिस द्वारा अवैध अंग्रेजी शराब के परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए एक ट्रक से अंग्रेजी शराब की कुल 487 पेटियां, मात्रा 4,207 बल्क लीटर, जिसकी कीमत ₹39,97,296 है, जब्त की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त ट्रक की कीमत ₹15,00,000 सहित कुल ₹54,97,296 का मश्रुका जब्त किया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को थाना उदयगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तलावद की ओर से एक ट्रक में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध वाहन की धरपकड़ हेतु घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम द्वारा तलावद तिराहे पर घेराबंदी के दौरान एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर ट्रक चालक ने वाहन को तेज गति से ग्राम जवानिया की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भगाना शुरू कर दिया। पुलिस की कार्यवाही से बचने के प्रयास में चालक ट्रक को ग्राम जवानिया स्थित तालाब के किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर ट्रक का निरीक्षण किया गया, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर MP 09 HF 9311 पाया गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें ट्रक को प्लांट कर बेस मेट बनाकर भरा गया था, जिसमें अंग्रेजी शराब की बैगपाइपर (Bagpiper) कंपनी की कुल 487 पेटियां भरी हुई मिलीं, जिनकी कुल मात्रा 4,207 बल्क लीटर पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹39,97,296 तथा ट्रक की कीमत ₹15,00,000 आंकी गई। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल ₹54,97,296 का मश्रुका जब्त किया गया।
उक्त मामले में थाना उदयगढ़ पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस द्वारा जब्त शराब के स्रोत, अवैध परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।
