मनकामेश्वरी नर्मदा मंदिर में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए किया तर्पण, 18 भक्तों ने निभाया पुण्य कार्य

बागली:शनिचरी अमावस्या एवं सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर पिपरी स्थित मां मनकामेश्वरी नर्मदा मंदिर एवं सनातन विचार मंच परिसर में दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडित विवेक शास्त्री के सानिध्य में मां नर्मदा के भक्तों ने विधि-विधान के साथ धाराजी हादसे में मृत लोगों, देश की सेवा करते हुए शहीद हुए सैनिकों तथा कोरोना काल में दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में तर्पण किया। साथ ही अपने दिवंगत परिजनों की याद में भी तर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस पुनीत कार्य में अल्केश जाधव, हर्षल कश्यप, कपिल गहलोत, धर्मेंद्र गुप्ता, कालू प्रजापत, कन्हैयालाल पटेल, नंदकिशोर कुमावत, भरत डांगी, श्यामलाल बरोड़, महेश कुमावत सहित कुल 18 मां नर्मदा के भक्तों ने भाग लेकर तर्पण किया।
समाजसेवियों ने की भक्तों के सेवा कार्य की सराहना
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी हरकचंद्र माहेश्वरी, जगदीश शर्मा और शांतिलाल जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि व्यक्ति सामान्यतः अपने और अपने परिवार के लिए कार्य करता है, लेकिन दूसरों की दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए इस प्रकार का पुनीत कार्य करना अनुकरणीय है। मां नर्मदा के भक्तों ने श्रद्धा और सेवा भाव के साथ जो पहल की है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। ऐसे सेवा कार्य मां नर्मदा की कृपा और प्रेरणा से ही संभव होते हैं।
कन्या भोज, ब्राह्मण भोजन और भंडारे का आयोजन
तर्पण कार्यक्रम के पश्चात मंदिर परिसर में कन्या भोज एवं ब्राह्मण भोजन का आयोजन किया गया। साथ ही मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। मां नर्मदा के भक्तों ने श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और मानव सेवा का संदेश भी दिया।

Next Post

बड़ी खेरमाई मंदिर में नौ दिनों तक होगी विशेष पूजा-अर्चना

Sun Oct 11 , 2026
जबलपुर: शारदेय नवरात्र के पहले दिन से ही गुप्त शक्तिपीठ मां बड़ी खेरमाई मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन-पूजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर परिसर में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंतजाम […]

You May Like

Play sound