ब्यावरा। प्राय: गर्मी के दिनों में नगर में भयावह पेयजल संकट के हालात निर्मित हो जाते है. नागरिकों को पेयज संकट के दौर से गुजरना पड़ता है. पेयजल सप्लाई का अंतराल काफी बढ़ जाता है, यही वजह है कि गर्मी के आते ही पेयजल को लेकर आमजन चिंतित होने लगता है. इन्हीं हालातों के मद्देनजर नपा द्वारा गर्मी के दिनों में पेयजल संकट के हालात न बने, पेयजल सप्लाई सुचारु बनाए रखने कार्ययोजना बनाना शुरु कर दिया है. नगर में पेयजल सप्लाई के दोनों मुख्य केन्द्र कुशलपुरा डेम एवं घोड़ा पछाड़ नदी का नपा प्रबंधन द्वारा जायजा लिया गया.
नपा के अनुसार घोड़ापछाड़ नदी पर मौजूद डम पर पर्याप्त पानी है. इसी प्रकार कुशलपुरा डेम पर भी पानी की उपलब्धता वर्तमान में बेहतर है. नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह द्वारा नपा अमले के साथ दोनों जगह का भ्रमण कर गर्मी में पेयजल सप्लाई सुचारु बनाए रखने व्यापक कदम उठाते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये.
दो विद्युत मोटर क्रय करेगी नपा
गर्मी में पेयजल सप्लाई को सुचारु बनाए रखने नपा द्वारा कुशलपुरा डेम के लिए 30-30 एचपी की दो विद्युत मोटर क्रय करने का निर्णय लिया है, इसके लिए टेंडर लगाए जा रहे है. विदित है कि गर्मी सीजन के आखिरी दिनों में जब इंंटकवेल के आसपास पानी कम हो जाता है तो फिर डेम के समीप मोटर रखकर वहां से पानी लिफ्ट कर इंटकवेल तक लाया जाता है, उक्त मोटर का उपयोग इसी कार्य में किया जाएगा.
गर्मी के मौसम में सुचारु रुप से पेयजल सप्लाई हेतु नपा द्वारा व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है. गर्मी के दिनों में सुगमता के साथ शुद्ध पेयजल की सप्लाई हेतु व्यापक कदम उठाए गये है.
इकरार अहमद
मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नपा ब्यावरा
