
छिंदवाड़ा. परिवहन विभाग ने आज शहर के विभिन्न स्थानों पर स्कूल वाहनों की जांच की. इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने पांच वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर 30,500 रुपए का राजस्व वसूल किया. अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि परिवहन विभाग की टीम ने शहरी क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सघन जांच की. जांच के दौरान छोटे-बड़े स्कूलों में संचालित लगभग 16 स्कूल वाहनों की जांच की गई. इसमें मुख्य रूप से वाहनों के समस्त दस्तावेज, चालक का ड्रायविंग लायसेंस, ओवरलोडिंग एवं अन्य बिंदुओं की जांच की गई. कार्रवाई के दौरान 05 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 30,500 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया. इस दौरान स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी गई कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत ही वाहनों का संचालन करें.साथ ही चेतावनी दी गई कि वाहनों में कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी
