IMF की चेतावनी! 2027 तक महंगा रह सकता है तेल, ऊर्जा संकट बढ़ाएगा महंगाई की टेंशन

IMF Warning: IMF-विश्व बैंक की वार्षिक बैठक से पहले IMF की निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए कच्चे तेल के किमतों में बढ़ोत्तरी से महंगाई बढ़ने की चिंता व्यक्त की हैं।

IMF Warning Inflation Concerns: पूरा विश्व ऊर्जा संकट की चुनौतियों से जूझ रहा है। इसी बीच आईएमएफ की तरफ से चेतावनी जारी की गई है। IMF ने कहा है कि अगर खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जल्द खत्म भी हो जाता है, तो ऊर्जा की ऊंची कीमतें 2027 तक बनी रह सकती हैं।

आईएमएफ ने कहा कि तेल की कीमत करीब 100 डॉलर प्रति बैरल बनी हुई है, जबकि रिफाइनिंग क्षमता और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पर दबाव महंगाई बढ़ा रहा है और वैश्विक आर्थिक वृद्धि पर असर डाल रहा है।

आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने कहा कि अब तक अधिक दक्षता, ईंधन के विविध स्रोतों, आपातकालीन योजनाओं, रणनीतिक भंडार से आपूर्ति जारी करने और मांग-आपूर्ति में बदलाव के कारण ऊर्जा संकट का असर सीमित रहा है। हालांकि, महत्वपूर्ण जोखिम अभी भी बने हुए हैं।

IMF ने क्या कहा

थाईलैंड में अगले सप्ताह होने वाली आईएमएफ-विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों से पहले सिंगापुर में जॉर्जीवा ने कहा, खाड़ी क्षेत्र से आपूर्ति बहाल होने की अनिश्चितता के बीच तेल की कीमतें करीब 100 डॉलर प्रति बैरल बनी हुई हैं। इसमें जोखिम, परिवहन की ऊंची लागत और अन्य कारक भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि दबाव सिर्फ कच्चे तेल तक सीमित नहीं है। वैश्विक स्तर पर रिफाइनिंग क्षमता की संरचनात्मक कमी के कारण क्रैक स्प्रेड यानी कच्चे तेल की कीमत और उससे बनने वाले रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के मूल्य के बीच का अंतर लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है।

ईरान-अमेरिका युद्ध से एलएनजी प्रभावित

खाड़ी क्षेत्र से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित है, क्योंकि जब तक होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर खतरा बना हुआ है, तब तक एलएनजी (एलएनजी) के परिवहन के विकल्प सीमित रहेंगे।

जॉर्जीवा ने कहा, इसका दुनिया के अलग-अलग हिस्सों पर अलग-अलग असर पड़ रहा है, जिसमें एशिया और यूरोप विशेष रूप से प्रभावित हैं।

यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब वैश्विक अर्थव्यवस्था पहले से ही महंगाई के दबाव और कमजोर आर्थिक वृद्धि का सामना कर रही है।

ऊर्जा संकट से महंगाई की समस्या

आईएमएफ के अनुसार, ऊर्जा संकट उन तीन प्रमुख ताकतों में से एक है जो वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं, जबकि अन्य दो ताकतें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का तेजी से विस्तार और सरकारी कर्ज का रिकॉर्ड स्तर है।

अगले सप्ताह थाईलैंड में होने वाली आईएमएफ और विश्व बैंक की वार्षिक बैठक में 191 सदस्य देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक के गवर्नर शामिल होंगे।

Next Post

Tata Motors बढ़ाएगी कारों का प्रोडक्शन, FY28 से हर महीने 1 लाख गाड़ियां बनाने की तैयारी

Thu Oct 8 , 2026
Tata Cars: मुंबई,  Tata Motors पैसेंजर व्हीकल्स का प्रोडक्शन बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी अपने सप्लायरों से मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने को कहा है जिससे लक्ष्य पूरा हो सकें। Tata Motors Production: भारतीय कार बाजार में मांग बढ़ने के बीच Tata Motors पैसेंजर व्हीकल्स का प्रोडक्शन बढ़ाने की तैयारी […]

You May Like