सतना : शहर के बाजार क्षेत्र में भुजवा मोहल्ला मार्ग पर प्लाइवुड कारोबारी पर बेवजह फायरिंग कर घायल कर देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जबलपुर से दबोच लिया. इतना ही नहीं बल्कि घटनास्थल से लेकर बाजार क्षेत्र में दोनों आरोपियों का पुलिस द्वारा जुलूस भी निकाला गया.शहर की कृष्णा कालोनी निवासी 58 वर्षीय संजय कुमार अग्रवाल अपने 26 वर्षीय पुत्र मोहित के साथ 27 सिंतबर की रात बिरला हास्पिटल से लौट रहे थे. भुजवा मोहल्ला मार्ग पर लाला पान की दुकान पर वे पान खाने के लिए रुक गए.
इसी दौरान वहां पर मौजूद एक युवक अकारण ही गाली-गलौच करने लगा. जिसे देख संजय द्वारा उससे गाली देने का कारण पूछ लिया गया. बस इतनी सी बात पर उक्त युवक ने संजय पर निशाना साधते हुए फायर कर दिया. गाली दाईं जांघ को छूकर निकल जाने से संजय लहुलुहान हो गए. इतना ही नहीं बल्कि उक्त युवक ने संजय को गोली मारने के बाद उनके बेटे पर गोली चलाने का प्रयास किया. लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचा पाने में सफल रहा. हलांकि गोली लगने से घायल कारोबारी संजय की हालत खतरे से बाहर बताई गई. लेकिन सरे राह इस तरह की गंभीर घटना को देखते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरु कर दी. नगर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में कोतवाली थाना प्रभारी द्वारा पुलिस की 3 टीमें आरोपियों को पकडऩे के लिए रवाना कर दी गईं. लेकिन घटना के सप्ताह भर बीत जाने के बावजूद भी पुलिस को खाली हाथ देख व्यापारिक संगठनों द्वारा दबाव बनाने के प्रयास भी शुरु कर दिए गए.
दबे पांव दी गई दबिश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे. हलांकि पुलिस द्वारा लगातार सभी संभावित स्थलों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी लेकिन इसके बावजूद भी जानकारी निकल कर नही आ पा रही थी. इसी कड़ी में साइबर सेल भी एलर्ट मोड पर था. जैसे ही आरोपियों के जबलपुर में होने की जानकारी मिली वैसे ही पुलिस ने वहां पहुंचकर दबे पांव दबिश दे दी. जिसके चलते आरोपी उमर खान 22 वर्ष और उसका बड़ा भाई भैया उर्फ मकबूल खान को दबोच लिया गया. जबलपुर से सतना लाकर आरोपियों की न सिर्फ खतिरदारी की गई बल्कि घटनास्थल से लेकर बाजार क्षेत्र में उनका जुलूस भी निकाला गया
