रीवा :पेंशन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों अधिकारियों के खिलाफ कमिश्नर ने कठोर कदम उठाए हैं।गुढ़ प्राचार्य सहित महिला बाल विकास विभाग के डीपीओ,जेडी आयुष विभाग के वेतन आहरण पर रोक लगाने के आदेश दे दिए हैं। इसी तरह मेडिकल कॉलेज के एकाउंटेंट का एक इंक्रीमेंट भी रोकने के निर्देश दे दिए। स्कूल शिक्षा विभाग के दो डीडीओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए जेडी को निर्देशित किए हैं। कमिश्नर ने स्पष्ट कर दिया है कि जो भी पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भेजने में लापरवाही करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि रीवा संभाग कमिश्नर शैलेंद्र सिंह ने संभागीय समय सीमा की बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की।सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आगामी माह में अपने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी एवं शिक्षकों के पेंशन प्रकरण प्राथमिकता से संभागीय पेंशन कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि उक्त कार्य में लापरवाही बरतने वाले सभी आहरण संवितरण अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने विभिन्न विभाग के उन आहरण संवितरण अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए जिन्होंने अभी तक अपने कर्मचारियों एवं शिक्षकों के सेवानिवृत्ति के प्रकरण पेंशन कार्यालय नहीं भिजवाए हैं। कमिश्नर ने ऐसे आहरण संवितरण अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के भी निर्देश दिए।
विभागीय जांच जल्द से जल्द पूरी कर पेंशन सहित स्वत्वों का करें भुगतान
कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुखों का यह पहला दायित्व है कि यदि किसी कर्मचारी या शिक्षक की विभागीय जांच चल रही है तो विभागीय जांच जल्द से जल्द पूरी कर उनके पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भिजवाया जाए। यदि किसी कर्मचारी या शिक्षक की जन्मतिथि, ज्येष्ठता तिथि या नामांकन में कोई त्रुटि है तो उस त्रुटि को प्राथमिकता से सुधारने का कार्य किया जाए। यदि त्रुटि सुधार शासन स्तर से ही संभव है तो आहरण संवितरण अधिकारियों शासन स्तर से सभी त्रुटियों में सुधार कराकर कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण ऑनलाइन पेंशन कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने नोडल अधिकारी उपायुक्त राजस्व एलएलबी अहिरवार को निर्देश दिए कि सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को समझ में बुलाकर कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। इसी कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की प्रतिक्रिया का कारण बताओ नोटिस भी जारी करते हुए उनके वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जाए।
न्यायालयीन प्रकरण के छोड़े गए यदि किसी कर्मचारी की विभागीय जांच लंबित है तो विभागीय जांच पूरी करते हुए परिवर्तित प्रस्तुत कर उनके पेंशन के प्रकरण बनाए जाएं और उन्हें पेंशन सहित सभी स्वत्वों का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर ने आगामी माह में सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों के पेंशन प्रकरण पेंशन कार्यालय भिजवाने में गंभीरता न दिखाने पर संकुल संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वह अपने दो आहरण संवितरण अधिकारियों को लापरवाही के लिए नोटिस जारी करें।कमिश्नर ने गूढ़ महाविद्यालय का एक लंबित पेंशन प्रकरण में अभी तक प्रोसेसिंग न करने पर और इसके अभाव में पेंशन से वंचित रहे जाने वाले एक प्रकरण पर गुढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य का वेतन रोकने के निर्देश दिए।आयुष विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों से संबंधित पेंशन के प्रकरण अब तक संभागीय पेंशन कार्यालय न भिजवाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ एवं संयुक्त संचालक आयुष विभाग का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
