देवसर :देवसर क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोगनी अंतर्गत कोहराखोह में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए चट्टानों में ब्लास्टिंग की तैयारी किए जाने से आसपास रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।ग्रामीणों का कहना है कि ब्लास्टिंग के लिए होल किए जा रहे हैं, जबकि घटनास्थल के करीब ही बड़ी संख्या में परिवार अपने मकानों में रह रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार ब्लास्टिंग स्थल से करीब 100 मीटर के दायरे में दर्जनों परिवारों के मकान स्थित हैं।
ऐसे में हैवी ब्लास्टिंग होने पर मकानों में दरार, कंपन अथवा अन्य नुकसान की आशंका को लेकर लोग चिंतित हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आबादी के नजदीक हैवी ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि कोहराखोह क्षेत्र में पिछले करीब 10 वर्षों के दौरान कई बार हैवी ब्लास्टिंग की जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में हुई ब्लास्टिंग के दौरान कुछ मकानों को आशिंक नुकसान पहुंचा है।
मापदंड के अनुसार ब्लास्टिंग कराने पर जोर
इधर आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण जरूरी है, लेकिन आबादी के इतने करीब कार्य होने के कारण सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि यदि ब्लास्टिंग अपरिहार्य है तो हैवी ब्लास्टिंग के बजाय नियंत्रित/छोटे ब्लास्ट किए जाएं तथा पहले आसपास के मकानों की स्थिति का सर्वे कराया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूर्व में हुए नुकसान का भी सर्वे कराकर पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत/मुआवजा दिलाने और आगामी ब्लास्टिंग से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कलेक्टर की है और कहा है कि सुरक्षा मानको के निर्धारित मापदंड के अनुसार ब्लास्टिंग नही की जा रही है, जिसके चलते गांव के प्रभावित होने वाले ग्रामीण नाराज हो रहे हैं।
