सीधी: सोनांचल बस स्टैण्ड को बंद किए जाने के विरोध में फुटकर व्यापारियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में आज सुनील चौधरी एवं समस्त व्यवसायी गण द्वारा पूरे बाजार क्षेत्र में अनाउंसमेंट कर सभी व्यापारियों से कल होने वाले पैदल मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। व्यवसायियों का कहना है कि सोनांचल बस स्टैण्ड के बंद होने का सीधा असर आसपास के बाजार और छोटे व्यापारियों के कारोबार पर पड़ा है। बस स्टैण्ड के हटने के बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है और अनेक दुकानों का व्यवसाय लगभग ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है।
5 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे सभी व्यवसायी पुराना सोनांचल बस स्टैण्ड परिसर में एकत्र होंगे। यहां से अस्पताल चौराहा होते हुए कलेक्टरेट तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा और अपनी समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। समस्त व्यवसायी गण ने सभी दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद रखकर पैदल मार्च में शामिल होने तथा अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।
