
इंदौर. सुरक्षित सफर के लिए बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने 450 विद्यार्थियों को ट्रैफिक पार्क का भ्रमण कराया. बच्चों ने यातायात संकेतों, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों को समझने के साथ स्कूल बस में लगे सुरक्षा उपकरणों की जानकारी भी ली.
देल्ही पब्लिक एलिमेंट्री स्कूल के विद्यार्थियों ने रेसीडेंसी क्षेत्र स्थित ट्रैफिक पार्क में आयोजित ‘ट्रैफिक सफारी’ में हिस्सा लिया. यातायात निरीक्षक नारायण सिंह डामोर, निरीक्षक सीमा गुप्ता और आरक्षक सुमंत सिंह ने बच्चों को खेल-खेल में यातायात नियमों की जानकारी दी. बच्चों ने हाथों के संकेतों से यातायात नियंत्रित करने का तरीका भी सीखा. स्कूल बस में चढ़ते-उतरते समय बरती जाने वाली सावधानियों के साथ बस में लगे पैनिक बटन, कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र और स्पीड गवर्नर के उपयोग की जानकारी भी दी गई. बच्चों ने पुलिसकर्मियों से सड़क सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और उनके जवाब जाने. इस दौरान बच्चों ने ‘पुलिस हमारी दोस्त है’ और ‘ट्रैफिक रूल्स हमारी सेफ्टी के लिए हैं’ जैसे संदेश भी दिए. विद्यालय की कॉर्डिनेटर दीपा यादव, प्रियंका गुप्ता और रेखा शर्मा ने बताया कि स्कूल में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है. इसके तहत बच्चों के लिए पेंटिंग, स्लोगन, कविता और ट्रैफिक पार्क भ्रमण जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं.
