ग्वालियर: पिछले कुछ दिनों से ग्वालियर जिले के अलग अलग थानों में इस तरह की शिकायत आ रही थी कि पेट्रोल पंप पर कोई बिना नंबर की गाड़ी लिए आता है और पेट्रोल भरवाकर बिना पैसे दिए ही रफू चक्कर हो जाता है। अभी 5 दिन पहले भी चेतकपुरी स्थित पेट्रोल पंप पर इस तरह की घटना हुई और आईटी 20 लग्जरी कार में आया युवक पेट्रोल भरवाकर भाग निकला।
पुलिस ने इस बार इस कार को ट्रेस किया और पेट्रोल चोर युवक तक पहुंच गई। पुलिस को पता चला यह कार चालक आदतन अपराधी है और अभी तक पंद्रह पेट्रोल पंपों से इसी तरह पेट्रोल बढ़ाकर भाग चुका है। पकड़े गए पेट्रोल चोर कार चालक सोन पाल उर्फ सोनू गुर्जर ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अब तक ऐसे अलग-अलग 15 पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर बिना पैसे दिए भाग चुका है।
पुलिस ने जांच में यह भी पाया कि इस कार चालक के खिलाफ महाराजपुरा और गोले का मंदिर थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन्हीं का एक साथी आर्म्स एक्ट के मामले में खरगोन जेल में भी बंद है। आई फ़ोन रखने वाला और महंगी लग्जरी कार में घूमने वाला आर्थिक रूप से संपन्न है लेकिन केवल आपराधिक प्रवृत्ति की वजह से इस तरह पेट्रोल फ्री में डलवाकर भाग जाया करता था।
