मुरैना: महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अटल स्मारक चंबल पार्क में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर और महापौर शारदा सोलंकी ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद अटल प्रतिमा से गांधी पार्क तक स्वच्छता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, समाजसेवी डॉ. योगेश पाल गुप्ता, पूर्व विधायक रघुराज कंषाना सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।
शाम को जीवाजीगंज स्थित टाउन हॉल में सफाई मित्र सम्मान समारोह हुआ। सांसद तोमर ने सफाई मित्रों को स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके निरंतर परिश्रम की सराहना की। महापौर सोलंकी ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र धाकरे सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
