इंदौर: चाणक्यपुरी चौराहे के पास प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर जा रहे फूल विक्रेता को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. उसके पास से 4 किलो 64 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है.क्राइम ब्रांच की टीम 2 अक्टूबर को महर्षि गौतम उद्यान की सर्विस रोड पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी लेकर जाता दिखाई दिया. संदेह होने पर पुलिस ने उसे घेरकर रोका और तलाशी ली तो बोरी में गांजा मिला. पूछताछ में उसने अपना नाम सागर गौड़ निवासी बाणगंगा बताया. सागर आठवीं तक पढ़ा है और मरीमाता चौराहे पर फूल की दुकान चलाता है. पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है.
आरोपी से पूछताछ की जा रही
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से गांजा कहां से लाया था और किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर गांजा सप्लाई करने वाले और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
