मुंबई, (वार्ता) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा है कि यदि उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं दिया तो देशभर से ‘कॉकरोच’ 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।
श्री दीपके ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार देर रात ‘एक्स’ पर कहा, “अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो पूरे भारत से कॉकरोच दिल्ली आयेंगे और 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।”
उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो “जहां भी हमें रोका जायेगा, वही हमारा जंतर-मंतर बन जायेगा।”
श्री दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण होगा और वे महात्मा गांधी के दिखाये रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने कहा कि यह सरकार और दिल्ली पुलिस पर निर्भर है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के अधिकार का सम्मान करते हैं या 20 जुलाई को देखी गयी “बर्बरता” को दोहराते हैं।
उन्होंने कहा, “यह हमारे लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। प्रत्येक नागरिक जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है, उसे इसमें शामिल होना चाहिए।”
श्री दीपके के नेतृत्व में सीजेपी ने श्री कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। संगठन का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाये गये हैं। चुनाव आयोग ने हालांकि किसी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है और मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं के पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने की बात कही है।
सीजेपी ने आज ही इससे पहले मुंबई में भी श्री कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आंदोलन में श्री दीपके के अलावा अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और संगीतकार-गायक विशाल ददलानी सहित अन्य लोग शामिल हुए।
