
नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल रेलखंड पर ट्रेनें अब अधिकतम 100 किलोमीटर की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ सकेंगी। रेलवे ने इस रेलखंड पर ट्रेनें की अधिकतम गति को 75 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा करने की अनुमति दे दी है। 111 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर बढ़ी हुई गति का शुक्रवार को परीक्षण किया गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया एक्स पर इस परीक्षण का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस (26401/26404) 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब पुल और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी पुल को पार करती हुई दिखाई दे रही है।
रेलवे के अनुसार इस गति वृद्धि से उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत रेल परिचालन अधिक सुगम होगा और यात्रा का समय कम होगा। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह दिन रेल संपर्क के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है।
