पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस प्रतिबंध 24 फरवरी तक बढ़ाया

इस्लामाबाद/ नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर अपने एयरस्पेस प्रतिबंध को एक और महीने के लिये 24 फरवरी तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण (पीएए) ने एक नोटम (एयरमैन को नोटिस) जारी कर यह जानकारी दी है।

पीएए की ओर से मंगलवार को जारी नोटम के अनुसार, यह प्रतिबंध 25 जनवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। यह प्रतिबंध सभी भारतीय स्वामित्व वाले, संचालित और लीज पर लिये गये विमानों पर लागू होता है, जिसमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं। पीएए ने कहा कि यह फैसला एक मौजूदा प्रतिबंध को जारी रखता है जो पिछले नौ महीनों से पहले से ही लागू है।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि निलंबित कर दी थी। पाकिस्तान को देश में बिगड़ती खाद्य और जल सुरक्षा के कारण जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद पाक ने भारत के लिये अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था।

पाकिस्तान के फैसले के बाद, भारत ने 30 अप्रैल को पाकिस्तानी हवाई जहाज़ों के लिये अपना एयरस्पेस बंद किया था। पाकिस्तान का शुरुआती प्रतिबंध 23 मई को एक और महीने के लिये बढ़ाया गया था। पाकिस्तान का अपना विमानन क्षेत्र छोटा है, जिस वजह से उसपर वित्तीय प्रभाव बहुत कम रहा है। इसके विपरीत, भारत का विमानन क्षेत्र बड़ा है और तेजी से बढ़ भी रहा है, जिसके कारण इस क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है।

इससे पूर्व, 1999 के कारगिल युद्ध और 2019 के पुलवामा संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने एयरस्पेस प्रतिबंध लगाये थे। दोनों ही मामलों में पाकिस्तान की तुलना में भारतीय विमानन पर अधिक प्रभाव पड़ा था, क्योंकि पाकिस्तान के पास विमानों का बेड़ा बहुत छोटा था।

 

 

Next Post

एनएचएआई और कोंकण रेलवे में बुनियादी ढांचा विकास के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

Wed Jan 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और रेल मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) ने एकीकृत बुनियादी ढांचे के विकास को मजबूत करने के लिए संसाधन अनुकूलन और पारस्परिक रूप से लाभकारी अवसरों के वास्ते सहयोग के एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर […]

You May Like