शिवपुरी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल 5 जुलाई को शिवपुरी दौरे पर रहेंगे। वे यहां अदाणी ग्रुप की डिफेंस फैक्ट्री के भूमिपूजन समारोह में सम्मिलित होंगे। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। विभिन्न दिशाओं से आने वाली बसों और अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन से एक घंटे पहले और कार्यक्रम समाप्त होने के एक घंटे बाद तक हवाई पट्टी से झांसी तिराहा, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड होते हुए एमएम चौराहा तक का मार्ग आम नागरिकों के लिए डायवर्ट रहेगा। इस अवधि में इस मार्ग पर चार पहिया और भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
इन जगहों पर बसें होंगी पार्क कोलारस और बदरवास की ओर से आने वाली बसों को गुना नाका, पोहरी चौराहा, स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद रोड होते हुए गांधी पार्क और रेलवे ग्राउंड में पार्क किया जाएगा। करेरा और पिछोर की ओर से आने वाली बसों के लिए कर्बला, दो बत्ती, करौंदी कैंपस, ग्वालियर बायपास और स्टार गोल्ड होटल के सामने से विवेकानंद कॉलोनी होते हुए गांधी पार्क तक पार्किंग की व्यवस्था की गई। पोहरी, सतनवाड़ा और सुभाषपुरा की दिशा से आने वाली बसों को भी कटमई तिराहा, ग्वालियर बायपास और विवेकानंद कॉलोनी होते हुए गांधी पार्क एवं रेलवे ग्राउंड में पार्क किया जाएगा।
