
रीवा, रीवा जिले के नेशनल हाईवे 30 पर चाकघाट थाना क्षेत्र के बघेड़ी के पास एक बड़ा सडक़ हादसा होने से टल गया. चाकघाट से रीवा की ओर आ रही एक यात्री बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. गनीमत यह रही कि इस भीषण टक्कर के बाद भी बस में सवार यात्रियों और कार सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, बघेड़ी के समीप अचानक कार का टायर फट गया. टायर फटने के कारण कार चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार सीधे सामने से आ रही यात्री बस से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सडक़ पर कई बार घूमते हुए काफी दूर जाकर डिवाइडर से जा भिड़ी. कार से टकराने के बाद यात्री बस भी पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सडक़ के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई. बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर डिवाइडर की ऊंचाई लगभग दो से तीन फीट थी. ऊंचाई अधिक होने की वजह से बस डिवाइडर पर जाकर अटक गई और पलटने से बच गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर बस पलट जाती, तो उसमें सवार दर्जन भर से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो सकते थे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी, लेकिन सभी सुरक्षित हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
