
ग्वालियर। भितरवार थाना क्षेत्र में दो मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ गलत नीयत से छेड़खानी करने के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) जयराज कुबेर और एसडीओपी भितरवार गगन हनवत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीर मावई की टीम ने यह कार्रवाई की।
पीड़िता की मां ने थाना भितरवार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 सितंबर की शाम उनकी 7 वर्षीय बेटी और देवरानी की 6 वर्षीय बेटी गांव के मंदिर के पास खेल रही थीं। तभी गांव का भगवान सिंह पुत्र सेवाराम बाथम (35) उन्हें नमकीन-बिस्किट का लालच देकर अपने पास बुलाकर छेड़खानी करने लगा। बच्चियों के चिल्लाने पर मां पहुंची तो आरोपी उन्हें छोड़कर भाग गया।
रिपोर्ट पर थाना भितरवार में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने 30 सितंबर को आरोपी को ग्राम मोहनगढ़ से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में उनि. जितेन्द्र भदौरिया, आरक्षक अशोक लोधी, नरेश तोमर, अनुज शर्मा और आरिफ खान की सराहनीय भूमिका रही।
