
सुसनेर, नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. नगर क्षेत्र के कुल 17 मतदान केंद्रों पर 76.5 प्रतिशत मतदान हुआ. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही. मतदान समाप्त होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी और कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार सहित चुनाव मैदान में रहे प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया.
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. कलेक्टर एवं एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. सभी 17 मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की टीम लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखती रही. मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 3 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं. मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि नगर परिषद अध्यक्ष पद की कमान किस प्रत्याशी के हाथों में जाएगी. दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशीं और समर्थक अब मतगणना के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं.
अब परिणाम का इंतजार…
नगर परिषद उपचुनाव में 76.5 प्रतिशत मतदान के बाद चुनावी मुकाबला अब मतगणना के दौर में पहुंच गया है. मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया है. अब 3 अक्टूबर को होने वाली मतगणना में ईवीएम खुलेंगी और नगर परिषद अध्यक्ष पद को लेकर तस्वीर साफ होगी. परिणाम को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमों में उत्सुकता बनी हुई है.
