मुंबई, 29 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 700 अंक लुढ़क गया। सेंसेक्स 138.04 अंक टूटकर 72,633.68 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 600.43 अंक (0.83 प्रतिशत) नीचे 72,171.29 अंक पर था। यह लगातार दूसरा दिन है, जब शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। पिछले कारोबारी दिवस पर सेंसेक्स 1.5 प्रतिशत से ज्यादा टूटा था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक 47.80 अंक की गिरावट में 22,732.45 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 182.70 अंक यानी 0.80 प्रतिशत नीचे 22,597.55 अंक पर रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो, सन फार्मा और अडानी पोर्ट्स को छोड़कर अन्य सभी में गिरावट रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, टाइटन, इंफोसिस, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक से दो प्रतिशत तक लुढ़क गये। सेक्टरवार सूचकांकों में फार्मा और हेल्थ को छोड़कर अन्य सभी में गिरावट है। ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन समूहों में अधिक बिकवाली हो रही है।

