नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ भागों में गरज-चमक, बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार की शाम जारी पूर्वानुमान बुलेटिन में कहा कि आज और मंगलवार को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ जगहों पर भारी बारिश की बहुत अधिक संभावना है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ जगहों पर ऐसे ही हालात रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने आज पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़ में मध्यम से भारी बारिश का भी अनुमान जताया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश से खड़ी फसलों और बागवानी वाली फसलों को नुकसान हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है और सड़क एवं रेल यातायात बाधित हो सकता है।
